भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे की तरफ से ट्रेलर में लादकर ले जाए जा रही पोकलैंड मशीन रेलवे फाटक के गाटर में फंस गई। इस वजह से रेल यातायात करीब एक घंटा बाधित रहा।
कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी से गाटर को उठाकर ट्रेलर को निकाला गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी। सोमवार के शाम करीब 4 बजे एक ट्रेलर पोकलैंड मशीन को लादकर कस्बे की तरफ से बांदा की ओर जा रहा था।
ट्रेलर बांदा मार्ग के रेलवे गेट संख्या 31 के ऊपर लगे गाटर में ऊंचाई अधिक होने के चलते फंस गया। इस दौरान गाटर में यह ट्रेलर पोकलैंड मशीन के टकरा जाने से फंस गया था। इससे सुमेरपुर इंगोहटा के मध्य रेलवे यातायात बाधित हो गया।
ट्रेलर चालक ट्रेलर को रेलवे लाइन से निकालने के कवायद में जुटा रहा। ट्रेलर फंसने की सूचना मिलने पर रेलवे कर्मी भी गेट संख्या 31 में जमा होने लगे। बाद में इसको जेसीबी की सहायता से निकालकर बाहर किया गया।
इस घटना के चलते रेलवे लाइन की दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए और करीब एक घंटे से अधिक समय तक बांदा मार्ग जाम रहा। इस जाम में पूर्व मंत्री शिवचरण प्रजापति भी फंसे रहे।