फोटो 25 एचएएमपी 37- मृतक संदीप की फाइल फोटो। परिजन
मुस्करा (हमीरपुर)। कस्बा थाना क्षेत्र के बसवारी गांव में झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर रविवार शाम करीब 6:30 बजे कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय बाइक सवार तीनों हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों घायल सगे भाई अपनी बीमार बहन की दवा लेने मुस्करा गए थे।
थाना क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी निर्दोष पुत्र बाबू ने बताया कि उसके भाई देवी प्रसाद (26) और नरेंद्र (24) अपनी टीहर निवासी मौसी के बेटे संदीप (24) के साथ बाइक पर सवार होकर बीमार बहन की दवा लेने मुस्करा आए थे। दवा लेकर चिल्ली लौटते समय बसवारी गांव के पास हमीरपुर की ओर से आ रही कार से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक संदीप कार के शीशे के अंदर जा घुसा।
आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को डायल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा भेजा और पुलिस को सूचना दी। वहां इमरजेंसी डॉक्टर बृजेंद्र राजपूत ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। देवी प्रसाद और नरेंद्र का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश तिवारी ने बताया कि कार चालक को पकड़ कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
फोटो 25 एचएएमपी 37- मृतक संदीप की फाइल फोटो। परिजन