मुस्करा। कस्बा के सीएचसी केंद्र को सीएमओ ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। सीएमओ ने भर्ती वार्ड में मरीजों से उनकी समस्या जानी। वहीं महिला वार्ड में दो गर्भवती महिलाओं से संवाद कर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों के काम करने और व्यवहार का फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने दो एएनएम को नोटिस जारी कर लापरवाह कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई।
सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला ने इंजेक्शन रूम के निरीक्षण में मनीष मिश्रा सहित स्टाफ नर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं में खून की कमी दूर करने के लिए लगाए जाने वाले एफसीएम इंजेक्शन के प्रति उनकी हिचक को दूर किया जाए। वहीं बीपीएचयू विंग में लैब टेक्नीशियन को गर्भवती महिलाओं की सभी अनिवार्य जांचें प्राथमिकता के आधार पर करने की निर्देश दिए। साथ ही एएनएम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में विभागीय पोर्टल यू विन, ई कवच और आरसीएच फीडिंग के कार्य को शत प्रतिशत समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। कार्य में शिथिलता पाए जाने पर एएनएम वंदना तथा सुनीता को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर को भी स्पष्टीकरण नोटिस तलब किया गया है। वहीं परिवार नियोजन के अंतरा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सुनीता सोनी और सरोज सिंह को सीएमओ ने प्रोत्साहित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान करने की घोषणा की। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. बृजेंद्र राजपूत, सहायक शोध अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह सहित अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।