राठ (हमीरपुर)। बिजली कटौती को लेकर राठ विधायक और एसडीओ में ठन गई है। रोस्टर के अनुसार बिजली न मिलने पर विधायक ने एसडीओ को फटकार लगाते हुए धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
वहीं एसडीओ ने विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तहत कर्मचारियों के साथ एसडीएम से विधायक की शिकायत की। साथ ही किए गए बर्ताव के लिए माफी मांगने की मांग की।
बिजली संकट को लेकर मंगलवार 11 बजे भाजपा विधायक मनीषा अनुरागी अपने कार्यकर्ताओं के साथ हमीरपुर रोड स्थित बिजली हाउस पहुंचीं। वहां विधायक रोस्टर रजिस्टर में प्रतिदिन 20 से 21 घंटे की बिजली आपूर्ति रिपोर्ट भेजने की बात पर भड़क गईं।
उन्होंने फर्जी रिपोर्ट देने पर एसडीओ शिवेंद्र कुमार को फटकार लगाते हुए कहा कि नगर व क्षेत्र में केवल 14 घंटे बिजली मिल रही है। कागजों में विभाग 20 से 21 घंटे बिजली देने की बात दर्शा रहा है।
इस तरह से सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर की बिजली काटकर सुमेरपुर में दी जा रही है। इस पर तत्काल रोक लगाएं। विधायक ने कहा कि अगर बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ तो वह कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठेंगी।
विधायक ने कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई समस्या है तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराए। एसडीओ शिवेंद्र कुमार ने बिजली समस्या से निजात दिलाने की बात कही। विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी, रविन्द्र शर्मा अंकल, कंधीलाल भारती, अमरचंद अनुरागी प्रेमचंद,राजपूत निशा भटनागर ज्योति गुप्ता मौजूद रहीं।
उधर, बाद में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में उपखंड अधिकारी शिवेंद्र कुमार ने बिजली कर्मचारियों के साथ एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे से शिकायत की।
उन्होंने बताया कि विधायक मनीषा अनुरागी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बिजली कार्यालय पहुंचीं और बिजली आपूर्ति के लिए जिम्मेदार ठहरा कर धमकाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
इससे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की छवि धूमिल हुई। कर्मचारियों से किए गए व्यवहार की प्रति माफी मांगी जाए, साथ ही भविष्य में इस तरह के बर्ताव पर बिजली कर्मी कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। उनके साथ जेई बीके पांडे, इं. अजय कुमार, नसीम अहमद सहित कई बिजली कर्मचारी उपस्थित रहे।