हमीरपुर। फौजी की पत्नी ने पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर परिवार न्यायालय में भरण पोषण भत्ता दिलाने की गुहार लगाई है।
सुमेरपुर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी नवविवाहिता ने अदालत को बताया कि पति व ससुराली लालची किस्म के हैं। ससुराल वाले दहेज में दस लाख नकद व चार पहिया वाहन की मांग कर उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करते हैं। पति फौज में तैनाती स्थान मेघालय अपने साथ 14 जून 2021 को ले गया था। जहां लगातार नौ माह तक पति की प्रताड़ना सहती रही। मिलिट्री के सीओ से भी शिकायत की लेकिन पति का रवैया नहीं सुधरा।
इसके कुछ समय बाद पति उसे मायके छोड़ गया। महिला के मुताबिक उसके नाम सुमेरपुर कस्बे में मकान है। जहां से गृहस्थी का सामान, गहने व दहेज का दस लाख कीमत का सामान आरोपी व उसके भाई ले गए और दूसरा ताला डाल दिया हैं। पीड़िता ने अपना मकान व गुजारा भत्ता दिलाने की कोर्ट से गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसका दो बार जबरन गर्भपात भी कराया है। ताकि उसके कोई संतान न हो।