राठ। कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया गांव में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर जेवर, पीतल के बर्तन और कपड़े चोरी कर लिए। गृहस्वामी परिवार सहित राजकोट में रहकर मजदूरी करता है। पीड़ित के छोटे भाई ऋषिकांत ने शिकायती पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
टिकरिया गांव निवासी श्रीकांत राजपूत ने कोतवाली में शिकायती पत्र दिया। उन्होंने बताया कि वह परिवार सहित राजकोट में मजदूरी करता है। घर पर ताला लगा हुआ था। मंगलवार रात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी से दो जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, तीन अंगूठियां, हार और एक जोड़ी छोटी पायल चोरी कर ले गए। साथ ही पीतल के बर्तन और पत्नी के कपड़े भी ले गए।
पीड़ित ने बताया कि चोरी गए जेवरात व सामान की ढाई लाख रुपये कीमत होगी। श्रीकांत के छोटे भाई की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। कोतवाल अनूप सिंह ने कहा कि जांच-पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।