हमीरपुर। सुमेरपुर ब्लाक से 12 किमी दूर पत्योरा गांव में यमुना नदी के किनारे बना रोटीराम महाराज का आश्रम लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां पंचमुखी हनुमान मंदिर, प्राचीन मस्जिद व सैकड़ों वर्ष पुराना प्राचीन शिव मंदिर है। महंत सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से तटबंध बनवाए जाने की मांग की है।
महंत शिवदयाल दास त्यागी ने बताया कि वह वर्षों से आश्रम में रहकर पंचमुखी हनुमान की सेवा कर रहे हैं। वहीं गांव निवासी बरदानी प्रजापति, अनंता सिंह, गोकरन सिंह, कल्याण सिंह, विनय प्रजापति, लल्लू प्रजापति, अमर सिंह यादव, रामऔतार निषाद, रामभरोसे प्रजापति ने बताया कि यह स्थान आस्था का केंद्र है। जिसे त्रिवेणी के नाम से जाना जाता है। जो हर साल यमुना की बाढ़ में कटता जा रहा है। कई बार जनप्रतिनिधियों से आश्रम किनारे पक्के कराए जाने की मांग की जा चुकी है।
सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति ने कहा कि वह आश्रम का निरीक्षण करेंगे। अगली बरसात तक तटबंध बनाए जाने का प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जिससे लोगों की आस्था से जुड़े इन प्राचीन धरोहरों को बचाया जा सके।