सरीला (हमीरपुर)। सोमवार को थाना चिकासी क्षेत्र में बेतवा नदी पर संचालित बड़ेरा खालसा मौरंग खदान में एसडीएम ने खनिज टीम के साथ अचानक छापा मारा। मौके पर अवैध पुल बना मिला। वहीं जलधारा रोक खनन करते पांच पोकलैंड मशीनें मिली। जिन्हें पुलिस को निगरानी सौंपी गई हैं। साथ ही अवैध पुल को भी तोड़ा गया है।
एसडीएम खालिद अंजुम ने बताया कि कई दिनों से बड़ेरा खालसा मौरंग खदान में अवैध खनन की सूचना मिल रही थी। सोमवार को खनिज सर्वेक्षक वेद प्रकाश शुक्ल के साथ मौरंग खंड संख्या- 09 में छापा मारा। यह मौरंग खंड में प्रताप कारपोरेशन विजय नगर सेक्टर 4 ग्वालियर मप्र के नाम आवंटित है। कार्रवाई के दौरान नदी की जलधारा में रास्ता व पुल बनाकर मौरंग निकाली जा रही थी। साथ ही प्रतिबंधित पांच पौकलैंड मशीनें चलती मिलीं। टीम को देख आपरेटर मशीनों को छोड़ मौके से भाग खड़े हुए। अन्य आपरेटरों की मदद से मशीनों को पट्टाधारक के कैंप कार्यालय में खड़ा कराया गया। पट्टाधारक के प्रतिनिधि राम भदौरिया को जिलाधिकारी के अग्रिम आदेशों तक खड़े रखने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष चिकासी की निगरानी में मशीनें सौंपी गई हैं। साथ ही नदी की जलधारा में बनाए गए अवैध पुल को भी तुड़वा दिया है।
अवैध खनन की शिकायत की
हमीरपुर। निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार निषाद ने डीएम को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि चंडौत में बेतवा नदी के खंड में पानी भरा है। दूसरे खंड में खनन किया जा रहा है। किसानों की लगी सब्जियों की बारी खनन करने वालों ने उजाड़ दी हैं। संवाद