हमीरपुर। जिला महिला अस्पताल में शनिवार को बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ हुआ। एक माह तक चलने वाले कार्यक्रम में नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। ताकि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और वह इस उम्र में होने वाली बीमारियों से बच सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कोरोना काल को देखते हुए बच्चों के प्रति संवेदनशीलता से काम करें। सीएमओ डा. एके रावत ने बताया बाल स्वास्थ्य पोषण माह साल में दो बार चलाया जाता है। इसमें नौ माह से लेकर पांच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाती है। ताकि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सके।
कहा विटामिन ए की कमी से कई प्रकार के रोग होने का खतरा रहता है। एक माह तक चलने वाले अभियान में बुधवार और शनिवार को अस्पतालों में बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। संचालन एनएचएम के डीपीएम सुरेंद्र साहू ने किया। सीएमएस डॉ. फौजिया अंजुम नोमानी, एसीएमओ डॉ. पीके सिंह, डॉ. आशा सचान, डॉ. पूनम सचान रहीं।