हमीरपुर/ राठ। जिला अस्पताल में सोमवार को डेंगू के 18 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया कि जांच में 12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें छह मरीज महोबा जिले के अलग-अलग गांवों के हैं। इसके अलावा हमीरपुर जनपद के सुमरेपुर, पतारा, खन्ना, कांशीराम कॉलोनी, मौदहा, बड़ी पुलिया गांव के मरीज हैं।
इधर, रविवार को राठ पठानपुरा मोहल्ला में कुछ लोगों के डेंगू की चपेट में आने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। कस्बे में फैल रही बीमारी को रोकने के लिए जिला मलेरिया अधिकारी राजेंद्र कुमार के निर्देश पर मलेरिया टीम सोमवार को पठानपुरा मोहल्ला पहुंची। जहां रौनक एवं कल्पना सहित अनेक बुखार रोगियों की जांच की।
मोहल्ले में मलेरिया निरीक्षक अनिमेष कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्ञानवती, सहायिका जानकी देवी की उपस्थिति में एंटी लार्वा का छिड़काव किया। टीम ने संक्रमण बीमारियों की रोकथाम के लिए दीवारों पर पोस्टर चस्पा कर प्रचार प्रसार किया। टीम ने डीवीसी के माध्यम से 70 घरों का सर्वे किया। टीम द्वारा बड़ी जुल्हैटी, पठानपुरा में दवा का छिड़काव किया गया। साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया।
एक छात्र को डेंगू
मौदहा। सीएचसी के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज अंकित कुमार (20) के चाचा राजकुमार ने बताया कि भतीजा राठ स्थित स्वामी ब्रह्मानंद डिग्री कालेज में बीएससी का छात्र है। वह महाविद्यालय में एनसीसी के शिविर में था। तभी उसे बुखार आया तो राठ स्थित पैथलॉजी में जांच के बाद डेंगू होने की पुष्टि की गई है।
अरतरा निवासी गौरीशंकर ने बताया बुखार से प्लेटलेट कम हो गई हैं। सीएचसी प्रभारी अनिल सचान ने कहा कि बुखार के मरीजों की संख्या अधिक है। प्रतिदिन चार सौ के आसपास मरीज आ रहे हैं। इसमें लूजमोशन व अन्य बीमारियों के मरीज भी हैं। कहा वायरल का प्रकोप बढ़ा है। लोगों को चाहिए कि अपने आसपास गंदे पानी का भराव न होने दें। नालियों में सफाई रखें एंटी लार्वा का छिड़काव करने के लिए नगर पालिका को सूचित करें। (संवाद)