हमीरपुर। जिला अस्पताल में अब डेंगू की जांच हो सकेगी। अभी तक यहां डेंगू की जांच का इंतजाम नहीं था। वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में डेंगू की जांच की व्यवस्था की है। इसके लिए जरूरी मशीनें लगा दी गई हैं। एलीजा किटें भी आ चुकी हैं। मशीन में एक बार में नौ लोगों की डेंगू की जांच हो सकेगी।
जिले में वायरल बुखार तेजी से फैला है। डेंगू की जांच का अभी तक कोई इंतजाम न होने की वजह से मरीज के लक्षणों के आधार पर डेंगू का उपचार चल रहा था। डॉक्टर उन्हें पुख्ता न मानकर डेंगू बुखार के लक्षण के आधार पर दवाएं दे रहे थे। हालांकि अब जिला अस्पताल में डेंगू बुखार की जांच को मशीनें लगा दी गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय प्रकाश ने बताया डेंगू की जांच की समस्त किटें आ चुकी हैं। एक बार में नौ मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू की जांच की जा सकेगी।
बताया जांच उन्हीं मरीजों की होगी, जिनके प्लेट्लेट्स 30 हजार से कम होगी या फिर जिन्हें डॉक्टर डेंगू की जांच कराने की सलाह देंगे। उन्होंने बताया जिला अस्पताल में डेंगू वार्ड स्थापित कर दिया गया है। लेकिन अभी कोई भी केस नहीं मिला है। उन्होंने लोगों से डेंगू बुखार को लेकर किसी किस्म का भय न पालने की अपील की। अस्पताल के लैब टेक्नीशियन हरेंद्र यादव ने बताया लैब में सभी तरह के जरूरी उपकरण लग चुके हैं। मशीन की टेस्टिंग हो चुकी है। बुधवार से जांचें भी शुरू कर दी जाएंगी। जिला मलेरिया अधिकारी आरके यादव ने बताया बीते साल जनपद में 59 डेंगू मरीज मिले थे।