हमीरपुर। कोविड-19 के कारण स्थगित चल रहे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन रविवार से शुरू होगा। जिले के 33 ग्रामीण और दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को परामर्श और दवाएं दी जाएंगी। इसके लिए समस्त तैयारियां कर ली गई हैं। स्वास्थ्य मेले कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संचालित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके रावत ने बताया लोगों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए प्रत्येक रविवार को शहरी व ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाता था। लेकिन कोरोना की वजह से शासन ने इन मेलों को स्थगित कर दिया था। बताया अब फिर 19 सितंबर से आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की शुरुआत की जा रही है। बताया जिले के 33 ग्रामीण और दो शहरी (हमीरपुर-राठ) प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मेले का आयोजन होगा। सभी स्वास्थ्य अधीक्षकों को निर्देशित किया जा चुका है।
मेले के दौरान दो गज दूरी का ध्यान रखते हुए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आने वालों की बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच, गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण, दवा दी जाएंगी। निशुल्क जांच होगी। नसबंदी के लिए पंजीकरण, आंखों की निशुल्क जांच, परिवार नियोजन के अस्थायी साधन का निशुल्क वितरण, गर्भावस्था, प्रसव कालीन व जन्म पंजीकरण का परामर्श, बच्चों में डायरिया, निमोनिया रोकने सहित अन्य बीमारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।