राठ। तहसील सभागार में समाधान दिवस के दौरान एक अधिकारी फोन पर गाना बजाने लगे। यह देख एसडीएम राजेश कुमार मिश्रा ने जमकर फटकार लगाई। एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में आईं 19 शिकायतों में एक का भी निस्तारण नहीं हुआ।
क्षेत्र के बहगांव निवासी मायादेवी ने जेठ पर मकान में अवैध कब्जा कर तोड़फोड़ का आरोप लगाया। नगर के दीवानपुरा मोहल्ला निवासी आशीष कुमार ने बताया कि 20 अप्रैल को उनकी मां का कोरोना से निधन हो गया था। शासन से सहायता राशि दिलाने की मांग की है।
नगर के मंजूर अहमद ने बताया कि चालीस साल से काबिज जमीन पर नगर पालिका उनका नाम दर्ज नहीं कर रही है, जबकि वह टैक्स भी जमा कर रहे हैं। सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी मोहर सिंह यादव ने बताया कि 22 सितंबर को उनके पुत्र लाखन सिंह की फांसी से मौत हो गई थी। आत्महत्या के लिए उकसाने में आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि तीन को फरार हैं। लिधौरा गांव के बृजभान सिंह ने कोटेदार पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। (संवाद)