राठ। जरिया थाना क्षेत्र के तुरना में कड़ाही में तेल डालते ही खाना बना रही महिला गंभीर रूप से झुलस गई। सीएचसी से झांसी ले जाने की तैयारी करते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तुरना गांव निवासी दृगपाल ने बताया कि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार को मजदूरी करने राठ कस्बा गए थे। देर शाम उनकी पत्नी कल्लो (36) घर में खाना बना रहीं थीं। सब्जी के लिए कड़ाही में तेल डालते ही कपड़ों में आग लग गई। आग से कल्लो गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर प्रभात शर्मा ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। परिजन झांसी जाने की तैयारी करते समय देर रात सीएचसी में महिला की मौत हो गई। मृतका अपने पीछे चार पुत्रियों काजल (15), रिया (13), अंशू (11) व पूनम (5) को रोते-बिलखते छोड़ गईं हैं।