हमीरपुर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से किशोर-किशोरियों को बचाने को लेकर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाकर टीके लगाए। दूसरे दिन 2629 किशोर-किशोरियों ने टीके लगवाए। 15 से 18 साल के बच्चों ने उत्साहित होकर टीके लगवाए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
पहले दिन 19 केंद्रों के माध्यम से जनपद में 727 किशोर-किशोरियों को टीके लगाए गए थे। वहीं मंगलवार दूसरे दिन 19 केंद्रों में सुबह से ही टीकाकरण की शुरुआत हुई। जिसमें 2629 किशोर-किशोरियों ने टीके लगवाए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एके रावत ने बताया कि स्कूल-कॉलेजों में 15 से 18 साल के किशोर-किशोरियों को टीका लगाने को लेकर विशेष अभियान चलाने की रणनीति बनी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने कॉलेजों को चिट्ठी भेजकर किशोर-किशोरियों को टीका लगाने को लेकर निर्देशित किया गया है। जिसके बाद से स्वास्थ्य विभाग की टीमें ऐसे स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाकर टीकाकरण कर रही हैं। प्रधानाचार्य एक दिन पूर्व प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं को इसकी जानकारी दे दें और उन्हें यह भी बताएं कि टीका लगवाने वाले घर से भरपेट भोजन कर आएं।
दो दिन में 78 किशोर-किशोरियों का हुआ टीकाकरण
राठ संवाद के अनुसार पहले दिन सीएचसी में मात्र 22 टीकाकरण हुए। मंगलवार को 56 किशोर युवक युवतियों का टीकाकरण हुआ। अधीक्षक डॉ अजय चौरसिया ने बताया कि एएनएम, आंगनबाड़ी कर्मचारी व निगरानी समिति के सदस्य घर घर जाकर टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रोडवेज बस डिपो में कोविड हेल्प डेस्क लगाकर यात्रियों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीएचसी द्वारा कीं गईं जांचों में अभी तक एक भी पॉजिटिव मरीज नहीं निकला है।
103 युवाओं ने लगवाई वैक्सीन
सरीला संवाद के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज में कैंप लगाकर 103 युवाओं को कोविड वैक्सीन लगाई है। टीकाकरण के समय छात्रों में खासा उत्साह था। छात्रों में मनीष कुमार, अनिल कुमार, दीपू राठौर, भरत कुमार, छात्राओं में प्रियंका, सविता, साक्षी, वर्षा ने बताया कि बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। डॉ. आरपीवर्मा ने बताया कि वैक्सीनेशन के प्रति युवाओं में अच्छा उत्साह देखा जा रहा है।
20 छात्रों का हुआ टीकाकरण
कुरारा संवाद के अनुसार श्रीराम कृष्ण परास्नातक महाविद्यालय में मंगलवार को 20 छात्र व छात्राओं के टीके लगाए गए। स्वास्थ्य कर्मचारी सीएचओ पूजा निरंजन, बीएमडब्लू पूजा द्विवेदी ने टीकाकरण किया।