शहर के टीवी अस्पताल के सभागार में जानकारी देते सीएमओ डा. एके रावत।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जनपद में 9 जनवरी तक टीबी रोग के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने को लेकर मंगलवार को टीबी सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एके रावत ने प्रेस वार्ता कर विस्तार से जानकारी दी।
सीएमओ ने बताया कि केंद्र सरकार 2025 तक टीबी रोग को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। बताया कि 9 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रम कराए जाएंगे। 5 व 6 जनवरी को स्कूल, कॉलेज, मदरसा, एनसीसी, एनएसएस के छात्र-छात्राओं को कैंप लगाकर जागरूक किया जाएगा। 7 व 8 जनवरी को धर्मगुरुओं को इसकी जानकारी दी जाएगी। 9 जनवरी को जनप्रतिनिधियों की बैठक, ग्राम स्तर पर सामुदायिक बैठक, नुक्कड़ नाटक, मैजिक शो एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम गांव स्तर पर किया जाएगा। जिले में 2017 रोगियों को चिह्नित किया गया है। मरीजों को पोषण के लिए प्रति माह निक्षय योजना के तहत पांच सौ रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजी जा रही है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. महेशचंद्रा ने बताया कि सीबी नॉट मशीन और राठ सीएचसी में ट्रूूनेट से टीबी मरीजों की निशुल्क जांच की जाती है। जिला अस्पताल में डीआर वार्ड है। एसीएमओ डॉ.आरके यादव, डॉ.अनूप निगम, उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.बीपी सिंह, अनिल कुमार, डीटीसी राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।