हमीरपुर। शहर से पांच किमी दूर यमुना नदी किनारे स्थित एक मंदिर के महंत को शुक्रवार के दिन रंगरलियां मनाते ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मेरापुर मोहल्ला के बाहर प्राचीन शिव मंदिर में कई महंत हैं। इन्हीं में एक युवा महंत भी कुटिया बनाकर रहते हैं। शुक्रवार को उनकी कुटिया में किसी युवती के होने की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इनलोगों ने महंत को रंगरलियां मनाते हुए पकड़ लिया। इसके बाद जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच युवती मौका पाकर दो बाइक सवारों के साथ निकल गई। मामले की जानकारी होते ही नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के कहने पर महंत को मंदिर से निष्कासित करने की बात कही। ग्रामीणों ने बताया कि यह महंत पिछले कई सालों से मंदिर की गद्दी संभाले है। जबकि दूसरे संत केवल मंदिर की पूजा-अर्चना करते हैं। पूर्व में आए छेड़खानी जैसे मामलों में महंत को चेतावनी देकर माफ करने की बात ग्रामीणों ने बताई। इधर, घटना की जानकारी होते ही पुलिस पहुंची। ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखते हुए महंत को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक इस मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
मंदिर परिसर में अब नहीं बचे चंदन के पेड़
ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में चंदन के पेड़ लगे हुए थे। लेकिन धीरे-धीरे करके चोर इन पेड़ों को काटकर ले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इन चोरियों में भी महंत का हाथ रहा होगा। लेकिन आज तक पुलिस इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी।