भरुआसुमेरपुर। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पंचायत की ओर से कराए गए एलाउंसमेंट का नहीं असर नहीं दिख रहा है। हाईवे सहित बांदा मार्ग के हालात ज्यों के त्यों हैं। इधर, नगर पंचायत ने सोमवार से बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है।
कस्बे में हाईवे का बुरा हाल है। बस स्टैंड से लेकर नेहा चौराहे तक दिन में कई बार जाम लगता है। बीते सप्ताह यहां आए जिलाधिकारी डॉ.चंद्रभूषण त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित ने मातहतों को अतिक्रमण को हटाने के आदेश दिए थे। नगर पंचायत ने कस्बे में एनाउंसमेंट कराकर अतिक्रमण हटाने के लिए आगाह किया था। इसका ज्यादा असर अतिक्रमणकारियों पर नहीं हुआ है। अतिक्रमणकारियों की हठधर्मिता को भांपकर नगर पंचायत ने सोमवार से बुलडोजर चलाने का निर्णय लिया है। ईओ रवि यादव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का खाका तैयार है। सोमवार को प्रशासन एवं पुलिस बल की मौजूदगी में हाईवे में अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा।