हमीरपुर। बुखार से पीड़ित मरीजों की शुक्रवार को जिला अस्पताल में भीड़ रही। सात सैंपलों की जांच हुई, जिसमें चार में डेंगू की पुष्टि हुई।
शुक्रवार को अस्पताल में 1243 मरीजों ने पर्चे बनवाए। 306 मरीजों ने खून की जांच कराई। फिजीशियन डॉ.आरएस प्रजापति ने बताया कि वायरल बुखार के 243 मरीज देखे गए हैं। चार लोगों की डेंगू की पुष्टि हुई है। सीएमएस डॉ. विनय प्रकाश ने बताया कि शहर के कांशीराम कालोनी निवासी महक (3), पुरैनी निवासी रमेश प्रजापति (26), कुरारा निवासी निशा (20) व हास्पिटल कालोनी निवासी रोशनी (23) में डेंगू की पुष्टि हुई है।
कई बच्चे निमोनिया बुखार की गिरफ्त में
भरुआसुमेरपुर। कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों में निमोनिया बुखार कहर बरपा रहा है। कई बच्चे इसकी चपेट में हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका से निपटने के लिए सीएचसी छानी में बच्चा वार्ड बनाया है। यहां बहुत ही कम लोग पहुंचते हैं। कस्बे के सरकारी अस्पताल में बच्चों का कोई डॉक्टर नहीं है। कस्बे के चिकित्सकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि निमोनिया बुखार की दस्तक हो चुकी है। तमाम बच्चे इसके शिकार हैं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश चंद्रा ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में फीवर हेल्प लाइन डेस्क बनाई गई है। लोग इस सुविधा का लाभ लेकर उपचार करा सकते हैं। प्रत्येक रविवार को स्वास्थ्य मेला लगाए जा रहे हैं। इसमें एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद रहते हैं।
कुरारा में तीन को डेंगू, कानपुर में चल रहा इलाज
कुरारा। कस्बे में तीन लोग डेंगू की चपेट में आ गए हैं। परिवार के लोग कानपुर में नर्सिग होम में उपचार करवा रहे हैं। कस्बे के नरोत्तम कबाड़ी ने बताया कि आयुष (7), मोनिका (3), अनुष्का (4) को कानपुर के बर्रा के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। इनमें डेंगू की पुष्टि हुई है। वार्ड नंबर 8 की शकीला डेंगू का इलाज कराकर कानपुर हैलट से लौटी हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर घर जाकर जांच कर सैंपल एकत्र कर रही है। सीएचसी प्रभारी डॉ. पीके सिंह ने कहा कि वार्ड में दो मरीज डेंगू बुखार से पीड़ित मिले थे। जो ठीक होकर घर जा चुके हैं।