शादी के बाद से मायके में रह रही थी पत्नी, फोन पर हुआ था विवाद
कस्बे के वार्ड नंबर 04 दंगल मैदान निवासी बिंदा प्रसाद अनुरागी ने बताया कि उनका पुत्र वीरेंद्र कुमार (27) मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वीरेंद्र की शादी पिछले वर्ष 22 मई को छतरपुर (मध्य प्रदेश) के बलरामपुर निवासी गुड़िया से हुई थी।
परिजनों के अनुसार शादी के बाद से उसकी पत्नी महज दो बार ही ससुराल आई और अधिकांश समय मायके में ही रह रही थी। पत्नी के वापस न आने के कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर तनाव और विवाद रहता था। बुधवार देर रात भी वीरेंद्र की पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह चुपचाप घर से निकल गया।
सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव, पुलिस जांच में जुटी
गुरुवार सुबह जब ग्रामीण राजकीय महाविद्यालय के रपटा की तरफ गए, तो उन्होंने वीरेंद्र का शव रपटा की रेलिंग से लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मृतक के परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन और सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे।
मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयानों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।