सरीला। चंडौत गांव में सफाई कर्मचारी की लापरवाही से गंदगी का अंबार है। नालियों से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। कीचड़ है। जिससे गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी है। नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं और सड़कों पर कीचड़ पसरा है। लोगों को नरकीय जीवन जीना पड़ रहा है।
गांव के जयपाल मुखिया के दरवाजे से पंचायत भवन तक व पुलिस चौकी से पंचायत भवन तक सड़कों पर कीचड़ बजबजा रहा है। निर्दोष, नरेश राजपूत, विदेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, गंगाचरन, हरिशंकर, राकेश आदि का कहना है इन दिनों मुख्य समस्या नाली व सड़क पर कीचड़ व गंदगी की हैं। नियमित सफाई नहीं होने से हर तरफ नाली का पानी सड़कों पर बहता है।
जिससे वहां पैदल चलने में भी दिक्कत होती हैं। साथ ही गंदगी से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के अलावा जिम्मेदारों से गांव में फैली गंदगी से निजात दिलाने की मांग की है। इस मामले में एसडीएम अजीत परेश का कहना जांचकर सफाई करने के निर्देश सचिव व ग्राम प्रधान को दिए जाएंगे। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।