राठ। तुरना गांव में शुक्रवार की रात कालीचरन पाल के घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर 32 हजार रुपये नगद व गृहस्थी का सारा सामान जल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तुरना गांव निवासी कालीचरन पाल खेती बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार की रात घर में सो रहे थे। तभी मकान में ऊपर की अटारी में आग लग गई। परिवार ने घर से बाहर निकल कर जान बचाई। गांव वाले आग बुझाने में जुट गए।
इसी बीच फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर लगभग एक घंटे तक जूझने के बाद आग पर काबू पाया। कालीचरन ने बताया कि आग से घर में रखा 32 हजार रुपया नगद, 10 क्विंटल गेहूं, दो क्विंटल चना, एक क्विंटल मटर सहित गृहस्थी का सारा सामान जल गया है। आग लगने की वजह पता नहीं चल सकी है।