हमीरपुर। बुंदेलखंड में पहली बार ऑनलाइन फिल्म फेस्टिवल का आगाज 20 जून से होगा और तीन दिन चलेगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हैं। तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल ऑनलाइन होगा। जिसमें बांग्लादेश, इस्राइल, पोलैंड, मलेशिया आदि देशों की फिल्में प्रदर्शित होंगी। इसके अलावा देश से चालीस से अधिक फिल्मों का भी फेस्टिवल में प्रदर्शन होगा।
फिल्म फेस्टिवल में फिल्म स्क्रीनिंग हेड जिले के बिवांर कस्बा निवासी सुयश सिंह भदौरिया ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल की तैयारियां कई महीने पहले शुरू हो गई थी। मार्च महीने में ये ऑफलाइन फेस्टिवल होने वाला था। जिसमें बुंदेलखंड में फिल्मी सितारों, डायरेक्टरों का जमावड़ा लगना था। लेकिन कोरोना महामारी के कारण ऑफलाइन फेस्टिवल पर ब्रेक लग गया। उन्होंने बताया ऑफलाइन फेस्टिवल की तैयारियों पर पानी फिरने से युवा कलाकारों में निराशा थी।
उन्होंने बताया इसके बाद जनपद जालौन के कोंच कस्बे में बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल को ऑनलाइन कराने का फैसला किया गया है। बताया फिल्म फेस्टिवल 20 से 22 जून तक होगा। देश की पचास से अधिक फिल्में फेस्टिवल में ऑनलाइन प्रदर्शित होगी।
बॉलीवुड में काम करने वाले नए कलाकारों ने फिल्म फेस्टिवल में शार्ट मूवी भेजी है। बताया बुंदेलखंड में फिल्मों को लेकर युवा कलाकारों में उत्साह है। फिल्म कलाकार सोमेंद्र कुमार ने भी फिल्म फेस्टिवल में 15 मिनट की एक शार्ट मूवी की एंट्री कराई है। मूवी में पर्यावरण और इसके दुष्प्रभावों पर समाज को झकझोरने वाला संदेश है।
फिल्म फेस्टिवल के फिल्म स्क्रीनिंग हेड सुयश सिंह भदौरिया ने बताया देश और क्षेत्रीय स्तर की फिल्मों में कर्मा, माई मेट्रो माई स्टोरी, हेलमेट मैन, मिनी बैलेंस, थैंक्स यार सोशल अवेरनेस (अवार्ड विनिंग), राघव शार्ट मूवी, नेचर गेम, द कोरोना वायरस एक्सप्लेंस, उपेक्षा, रोड सैफ्टी, लॉकडाउन स्टोरी ऑफ घरवास, भारत इंडिया, ललक, कलाकार, अम्मा भैया कब मरेगा सहित 40 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन होगा।