राठ। थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में किसान की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नगर के पठानपुरा मोहल्ला निवासी अजेश राजपूत ने बताया कि शुक्रवार की शाम गोहांड कस्बा निवासी चचेरे भाई बृजेंद्र सिंह (43) बाइक से घर जा रहे थे। ब्लाक गेट के पास सामने से आए दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। जिसमेें बृजेंद्र गंभीर घायल हो गए थे। सीएचसी गोहांड से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज उरई और वहां से झांसी रेफर कर किया था। जहां शनिवार की रात मौत हो गई। मृतक के नाम 10 बीघा जमीन है। परिवार में दो भाई सुरेंद्र व सत्येंद्र, मां कुसमारानी, पत्नी गायत्री, पुत्र अनिकेत, पुत्री श्रेष्ठि हैं। एसओ पंधारी सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।