फोटो 16 एचएएमपी 04- हमीरपुर अग्नि शमन केंद्र। संवाद
फोटो 16 एचएएमपी 05- हमीरपुर व महोबा के सीएफओ रेहान अली।
सुमेरपुर-सरीला व गोहांड ब्लॉक के प्रस्ताव तैयार, मुस्करा-कुरारा में तलाशी जा रही जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हमीरपुर और महोबा जनपद में 28 करोड़ की अनुमानित लागत से छह फायर स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसमें सुमेरपुर, सरीला व गोहांड ब्लाक के प्रस्ताव तैयार हैं, इसे जल्द शासन को भेजा जाएगा। मुस्करा व कुरारा में जमीन की तलाश की जा रही है।
आग की घटनाओं पर जल्द काबू पाने के लिए शासन की ओर से प्रत्येक तहसील व ब्लॉक स्तर पर फायर स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। हमीरपुर जनपद में भी पांच फायर सेंटर प्रस्तावित हैं। इसमें मुस्करा में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी के पास चार हजार वर्गमीटर जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है।
साढ़े तीन करोड़ का अनुमानित बजट का प्रस्ताव भी पास हो गया है। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक कार्रवाई को पूरा किया जा रहा है। इसी तरह सरीला क्षेत्र के धौकल में भी जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है। यही स्थिति गोहांड में बनने वाले फायर सेंटर की है। इसके अलावा मुस्करा व कुरारा ब्लाक में जमीन तलाशने का काम तेजी से चल रहा है।
यहां पर भी कम से कम चार हजार वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। हमीरपुर के प्रस्तावित पांच सेंटर के लिए 17 करोड़ 50 लाख का अनुमानित बजट तैयार किया गया है। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम को बनाया गया है।
महोबा के चरखारी और पनवाड़ी में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा होने के बाद निर्माण कार्य की फाइल तेजी से आगे बढ़ गई है। कबरई ब्लाक में अभी जमीन नहीं मिली है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन सभी की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। महोबा के तीनों सेंटर के लिए 10 करोड़ 50 लाख रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया है। इस बजट में कर्मचारियों के आवास निर्माण का बजट सम्मलित नहीं है।
इनसेट
हमीरपुर में तीन व महोबा में हैं दो फायर सेंटर
मौजूदा समय में आग पर काबू पाने के लिए हमीरपुर जनपद में तीन फायर सेंटर हैं। ये हमीरपुर, राठ और मौदहा में हैं। हालांकि, तीनों ही सेंटरों पर संशाधनों का अभाव है। सबसे बड़ी कमी तो स्टॉफ की है। इसी तरह महोबा जिला में कुलपहाड़ और महोबा में फायर सेंटर हैं। दोनों ही जनपदों में क्षेत्रफल के मुताबिक फायर सेंटर की संख्या कम है। हालांकि, आने वाले समय में यह समस्या अब दूर हो जाएगी।
बोले जिम्मेदार
दोनों ही जनपदों में आठ फायर सेंटर बनाया जाना प्रस्तावित हैं। इसमें से पांच सेंटर के लिए जमीन मिल चुकी है और तीन सेंटर के लिए जमीन तलाशी जा रही है। जैसे ही जमीन अधिग्रहण होती है आगे की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। चरखारी में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।रेहान अली, सीएफओ हमीरपुर व महोबा