हमीरपुर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम शनिवार को घोषित हुआ। जिसमें हाईस्कूल का 86.05 और इंटरमीडिएट का 83.35 प्रतिशत रिजल्ट रहा। हाईस्कूल में मौदहा के सेंटपॉल इंटर कालेज के छात्र उपेंद्र सिंह ने 93.67 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में मौदहा के नेशनल इंटर कालेज के छात्र सत्येंद्र कुमार ने 89 प्रतिशत अंक पाकर जिला टॉप किया।
इंटरमीडिएट में मौदहा के नेशनल इंटर कालेज के छात्र सत्येंद्र कुमार ने एग्रीकल्चर वर्ग से 89 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि सुमेरपुर के मां गीता महेश्वरी इंटर कालेज के रामशंकर सिंह ने 87 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में टॉप करते हुए जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
मौदहा के नेशनल इंटर कालेज के छात्र सूरज कुमार ने 86.70 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान पाया है। इसी प्रकार हाईस्कूल में मौदहा के सेंटपॉल इंटर कालेज के छात्र उपेंद्र सिंह ने 93.67 प्रतिशत अंक के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
राठ के चित्रगुप्त इंटर कालेज की छात्रा सृष्टि ने 91.50 अंक के साथ दूसरा व आदर्श इंटर कालेज मौदहा के छात्र हार्दिक आनंद व चौधरी पहलवान सिंह इंटर कालेज इचौली के सुभाषिनी गुप्ता ने 91.33 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान पर रहीं।
जिला टॉप की कुर्सी पर इस बार छात्राएं नहीं विराजमान हुईं, लेकिन पूरी सूची में उनका दबदबा रहा। हाईस्कूल में 16405 परीक्षार्थियों का परीक्षा में पंजीकरण था। जिसमें 15564 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। उनमें 8226 छात्र व 7338 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। परीक्षा में कुल 13393 परीक्षार्थी पास हुए। जिनमें छात्राओं का दबदबा रहा।
वहीं इंटरमीडिएट में 14968 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 14395 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिसमें 11998 परीक्षार्थी पास हुए। छात्राओं का सर्वाधिक परिणाम 88.14 फीसदी रहा, जबकि छात्रों का 79.38 फीसदी। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष हाईस्कूल में करीब छह फीसदी व इंटर में करीब चार फीसदी अधिक परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है।
सरस्वती विद्या मंदिर का रिजल्ट रहा शत प्रतिशत
हमीरपुर। नगर के स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। प्रधानाचार्य रमेशचंद्र ने छात्र/छात्राओं का मुंह मीठा कराकर उनके बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया इंटर में 224 विद्यार्थियों में 221 सम्मान श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। जिसमें दिव्या शुक्ला ने 428 अंकों के साथ जिले में छठवां स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल में 243 सम्मान श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जिसमें देविका पुत्री प्रमोद कुमार सोनी 544 अंक अर्जित कर जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
पिछले साल की तुलना में रिजल्ट (प्रतिशत में)
वर्ष - हाईस्कूल इंटर
2019- 80.45 79.04
2020 - 86.05 83.35
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में छात्र छात्राओं का मुंह मीठा कराते प्रधानाचार्य रमेश गुप्ता?- फोटो : HAMIRPUR
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में सेल्फी लेती छात्राएं।- फोटो : HAMIRPUR