मेधावी छात्रा अंशिका द्विवेदी को टैबलेट लेते भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजकिशोर गुप्ता।
- फोटो : HAMIRPUR
कुरारा (हमीरपुर)। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के बच्चों के शैक्षणिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के तहत जनसेवा केंद्र (सीएससी) ओलिंपियाड की परीक्षा में कुरारा की अंशिका द्विवेदी ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सोमवार को छात्रा को सीएससी के अधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता के जरिए एक टेबलेट व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सीएससी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर संजय वर्मा ने बताया कि सीएससी ओलंपियाड -2.0 प्रतियोगी परीक्षा में देशभर के लाखों छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन कर प्रतिभाग किया था। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में कुरारा के श्रीराम नारायण नौबढ़ा दृढ़ोमर वैश्य बालिका इंटर कॉलेज में 12वीं के छात्रा अंशिका द्विवेदी ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बताया कि सोमवार को स्कूल में एक कार्यक्रम आयोजित कर सीएससी-एसपीवी के अधिकारियों व भाजपा के जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता की मौजूदगी में टेबलेट व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीएससी के अधिकारी मनीष निगम ने बताया कि ओलंपयाड में पंजीकरण के लिए कोई भी छात्र वेबसाइट अथवा अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर निर्धारित शुल्क जमाकर पंजीकरण करा सकता है। प्रतियोगिता में कक्षा तीन से कक्षा 12 के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकते हैं।