मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के रहमानियां खेल ग्राउंड में दिल्ली की टीम के खिलाड़ियों ने हर क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन किया। बेहतर बल्लेबाजी की बदौलत सतना टीम पर छह विकेट से जीत दर्ज की। एक विकेट और 39 रन की पारी खेलने वाले अब्दुल रहमान को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
मौलाना सलीम मेमोरियल अखिल भारतीय खेल महोत्सव में मंगलवार को दिल्ली और सतना क्रिकेट टीम के बीच मुकाबला खेला गया। मुख्य अतिथि नसीम अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबला शुरू कराया। 20-20 ओवरों के मुकाबले में टाॅस सतना टीम के कप्तान ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। ओपनर बल्लेबाज आकाशदीप कुछ खास नहीं कर पाए और महज दो रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड हो गए। दूसरे बल्लेबाज सतनाम ने 11 रन बनाए और कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। तनिष्क ने 26, राहुल ने 18, शार्दुल ने 43 रन बनाए। कुल मिलाकर 20 ओवर में टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाकर दिल्ली को जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत मतबूत रही। ओपनर बल्लेबाज अमन ने 36 रन बनाए अभिनय ने 16 रन की पारी खेली। सम्मन ने 44, अब्दुल रहमान ने 36 रनों की शानदार पारी खेली। इन बल्लेबाजों की बदौलत दिल्ली ने सतना को 6 विकेट से हरा दिया। दिल्ली की ओर से 1 विकेट लेकर 36 रनों की पारी खेलने वाले अब्दुल रहमान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका अज़ीज़, मिंटू व डॉ आसिफ परवेज ने की। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष बीतू बादशाह ने सभी का आभार जताया।