बिवांर थानाक्षेत्र के लदार में बीटेक करने के बाद बेरोजगारी से परेशान युवक ने सोमवार शाम अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मरने से पहले युवक ने अपना मोबाइल भी तोड़ दिया था। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
लदार निवासी दीपक (27) पुत्र राजकुमार ने कुछ समय पहले बांदा में अपने मामा के यहां रहकर बी.टेक किया था। वह रोजगार की तलाश में था। उसका पिता दिल्ली में मजदूरी करता है माता गांव में थी। पिछले सप्ताह वह गांव लदार लौटा था। सोमवार को उसने घर के दरवाजे अंदर से बंद किए और फांसी पर लटककर जान दे दी। थोड़ी देर बाद उसकी मां पशुशाला से आई तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने बेटे को कई बार आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
महिला के शोर मचाने पर पड़ोसी आए और दीवार फांदकर घर के अंदर गए। कमरे में दीपक फांसी पर झूल रहा था। पड़ोसियों ने कुंडी खोली तो परिजन और ग्रामीण अंदर आए। इसके बाद दीपक के पिता को सूचना दी गई। वहीं ग्रामीणों के निर्णय पर आनन फानन में दीपक का अंतिम संस्कार करा दिया गया। इस दौरान पुलिस को सूचना नहीं दी गई। मरने से पहले उसने अपना मोबाइल भी तोड़ दिया था। यह चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं लोगों व परिजनों का कहना है कि दीपक बेरोजगारी से परेशान था। बिवांर एसओ राममिलन का कहना है कि यह मामला संज्ञान में नहीं है। सूचना मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।