ललपुरा में कुम्हऊपुर मार्ग पर जाम लगाए लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मौरंग खदान पर जा रहे ट्रक की टक्कर से मकान का छज्जा टूट गया। इसके विरोध में गांववालों ने ललपुरा थाना क्षेत्र में कुम्हऊपुर मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने खदान के ठेकेदार से नुकसान की भरपाई कराके जैसे-तैसे मामला शांत किया। लोगों को कहना है कि इस संकरे मार्ग पर खदान से आने-जाने वाले ट्रकों से आए दिन हादसे हो रहे हैं, इसलिए इस मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही रोकी जाए।
थाना ललपुरा क्षेत्र में हमीरपुर-राठ मार्ग से कुम्हऊपुर संपर्क मार्ग निकला है। कुम्हऊपुर गांव के पास बेतवा नदी पर मौरंग की खदान चल रही है। शुक्रवार रात खदान पर जा रहे ट्रक ने ललपुरा गांव में छिद्दू यादव के मकान में टक्कर मार दी। इससे मकान का छज्जा टूट गया। रेलिंग भी ध्वस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक भगा ले गया।
शनिवार सुबह गृहस्वामी ने खदान ठेकेदार को घटना की सूचना दी। काफी देर तक जब कोई नहीं आया तो सुबह 10 बजे छिद्दू की पत्नी अनसुइया ने ग्रामीणों के साथ खदान वाले रास्ते पर जाम लगा दिया। महिला ने कहा कि ट्रक चालक नशे में आते हैं। इससे अक्सर हादसे होते हैं। जाम में दर्जनों ट्रक फंस गए। करीब दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मौरंग ठेकेदार को बुलाकर गृहस्वामी को मुआवजा दिलाया। इस पर ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। थानाध्यक्ष मो. अली ने बताया कि मौरंग खदान के ठेकेदार से रास्ते में पानी का छिड़काव कराने को भी कहा है, ताकि धूल न उड़े।