ईंट उतारकर लौट रहा ट्रैक्टर-ट्राली शेखूपुर गांव की पानी की टंकी के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें एक मजदूर की मौके पर दबकर मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। एक हालत गंभीर होने पर कानपुर रिफर कर दिया गया।
बीती रात ट्रैक्टर ट्राली घाटमपुर से ईंटें लादकर कुरारा थानाक्षेत्र के बचरौली गांव गया था। रात में ही ईंट उतारने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक तेज रफ्तार से कुरारा की ओर आ रहा था।
तभी शेखूपुर गांव में पानी की टंकी के पास ंसंतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
ट्रैक्टर में सवार कुरारा कस्बे के मटैना मोहल्ला निवासी कमलेश (30) पुत्र ओमप्रकाश, राकेश कुमार (45) पुत्र राजाराम व रंजीत सिंह (40) पुत्र बृजलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था की जा रही थी। तभी कमलेश की मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों घायलों को इलाज के लिए पीएचसी लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रिफर कर दिया।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार होने के बाद राकेश को कानपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। मृतक के चचेरे भाई सभासद चंद्रशेखर ने बताया कि बीती रात 2 बजे घटना हुई।
तब लोगों ने थाना पुलिस को फोन से सूचना दी थी। मगर कोई भी सिपाही नहीं आया।
इस पर क्षेत्राधिकारी को सूचना दी तब कहीं जाकर रविवार की सुबह 7 बजे शव का पंचनामा करने पहुंचे। उसने कहा कि यदि पुलिस समय से पहुंच कर घायलों का इलाज कराती तो उसके भाई की जान बच सकती थी। मृतक अपने पीछे दो पुत्र व एक लड़की छोड़ गया है।