खाई में पलटा पड़ा ट्रैक्टर-ट्राली। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
कोतवाली क्षेत्र के अरतरा गांव में परछछ मार्ग पर शनिवार रात एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। इसमें सवार दंपति की दबकर मौत हो गई। दो पुत्र व एक पुत्री घायल हो गए। तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सभी लोग किराये की ट्रैक्टर-ट्राली से भूसा लेने जा रहे थे।
अरतरा निवासी दयाराम साहू (52) के पास दो बीघा खेत है। उसके चार पुत्रियां व दो पुत्र हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। एक पुत्री की शादी की तैयारी में जुटा था। शनिवार को दयाराम खेत में पड़े भूसे को लाने के लिए गांव निवासी चंद्रपाल का ट्रैक्टर किराये पर लेकर जा रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे दयाराम अपनी पत्नी सावित्री (45), पुत्री रीता (20), बड़ा बेटा कामता (18) व छोटा बेटा दीपक (15) एक साथ ट्रैक्टर पर सवार थे। ट्रैक्टर में माता पिता बैठ गए। जबकि बच्चे ट्राली में बैठ गए। परछछ मार्ग पर पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्राली असंतुलित होकर पलट गई और खड्ड में जा गिरी। इस घटना में बड़ा बेटा कामता के दूर गिरने से उसे कम चोट आई हैं। जबकि उसके माता-पिता ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब गए। इस पर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस हादसे में छोटे बेटे दीपक व बेटी रीता के चोटें आईं हैं। तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अरतरा गांव में दंपति की ट्रैक्टर से दबकर हुई मौत के मामले में दयाराम के बेटे कामता ने पुलिस को तहरीर देकर ट्रैक्टर चालक चंद्रपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि चालक तेजगति व लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने के कारण यह हादसा हुआ है।