जिले की ज्यादातर सड़कें खस्ताहाल है। इन पर चलना किसी जंग जीतने से कम
नहीं है। लोनिवि द्वारा बनाई गई सरसई-भैसापाली, कुरारा-जखेला, हमीरपुर
कालपी मार्ग से कुसमरा, पतारा-भौली, शेखूपुर-बचरौली तक जाने वाले मार्ग
बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। इन पर चलना दूभर है। बरसात में
तो इन सड़कों से गुजरना मुश्किल भरा काम होता है। ग्रामीण मार्गों की
मरम्मत को लेकर कई बार ज्ञापन दे चुके हैं।
कुरारा
विकासखंड के पतारा गांव तक जाने वाली सड़क 4.3 किमी लंबी है। मार्ग चलने
लायक नहीं है। सड़क निर्माण को लेकर सैकड़ाें ग्रामीण मुख्यालय में
प्रदर्शन कर चुके हैं। इसको लेकर लोनिवि पतारा गांव के इस मार्ग का निर्माण
कराना स्वीकृत कराने की बात कह रहा है। लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो
सका है।
करीब 20 वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क में बड़े
बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिससे पैदल व साइकिल से चलना दूभर हो गया है। आए दिन
लोग चुटहिल होते है। गौरतलब हो कि इस मार्ग में आधा दर्जन से अधिक मौरंग
की खदानें है। ओवरलोड मौरंग की निकासी होने से सड़क मिट्टी में तब्दील हो
गई है।
जखेला-कुरारा
मार्ग भी गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इसकी लंबाई करीब 6 किमी है। कभी
अंबेडकर गांव चयनित होने पर इस मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन बेतवा
नदी से मौरंग भर कर आने वाले ट्रैक्टर ट्रालियों से सड़क पूरी तरह टूट
चुकी है।
इधर एक माह पूर्व इस सड़क की मरम्मत का कार्य लोनिवि ने कराया,
लेकिन सिर्फ चार किमी तो ठीक किया गया है। अभी दो किमी में जगह-जगह गड्ढे
और उखड़ी गिट्टी अक्सर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। बरसात में तो यह सड़क
राहगीरों को बहुत रुलाएगी।
कुरारा-भौली
मार्ग की हालत बेहद दयनीय है। जिसका नजारा मंडी समिति से लेकर कृषि
विज्ञान केंद्र तक देखा जा सकता है। 14 किमी लंबा यह मार्ग कई गांवों को
जोड़ता है। मार्ग की मरम्मत कई वर्षों से नहीं कराई गई है। कस्बे के अंदर
मंडी, नगर पंचायत कार्यालय व सीएचसी को भी जोड़ता है।
देखा जाए तो जहां
तमाम गांवों के ग्रामीण सड़क टूटने का दंश झेल रहे हैं वहीं कस्बे के लोग
भी सड़क को लेकर परेशान रहते हैं। इस मार्ग के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष माया
बाल्मीकि भी लोनिवि के अधिशाषी अभियंता से कई बार पत्राचार कर चुकीं है।
मगर आज तक इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। फिलहाल बरसात होते ही एक बार
लोगों को फिर से संकट का सामना करना पड़ेगा।
सहायक अभियंता लोनिवि
(प्रांतीयखंड) डीडी यादव ने कहा कि 4.3 किमी लंबे पतारा मार्ग में साढ़े
पांच मीटर चौड़ा सीसी रोड बनेगा। इसमें 9.70 करोड़ की लागत आएगी। अगले
सप्ताह से इस सड़क का काम शुरू हो जाएगा। वहीं अन्य मार्गों का स्टीमेट
बनाकर शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही काम होगा।