राठ के कुर्रा गांव में तीन दिन से लापता वृद्ध का शव गल्हिया मार्ग पर खेत में पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जेब में पड़े सम्मन से पहचान की। मृतक के परिजनों का कहना है कि फसल बर्बाद होने से वृद्ध का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था और तभी से वह लापता था।
शनिवार सुबह रोज की तरह किसान अपने खेतों पर पहुंचे। गल्हिया रोड पर खेतों में एक वृद्ध का शव पड़ा देख लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जेब में पड़े अदालती सम्मन से जरिए उसकी पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।
परिजन कोतवाली पहुंचे तथा शव की शिनाख्त भागीरथ साहू (80) पुत्र बिंदा के रूप में की। मृतक के पुत्र चंद्रप्रकाश ने बताया कि उसके पिता के नाम दो एकड़ जमीन है। बताया कि अतिवृष्टि के चलते खेतों में बोई गेहूं तथा मसूर की फसल नष्ट हो चुकी है। फसल खराब देख सदमे के कारण उसके पिता का मानसिक संतुलन खराब हो गया।
बताया 19 मार्च को उसका पिता खेतों पर जाने के लिए घर से निकला था फिर घर नहीं लौटा। बहुत तलाश करने पर भी नहीं मिला। आशंका जताई कि सदमे के चलते वह भटकते-भटकते राठ पहुंच गया और मौत हो गई। कोतवाली इंचार्ज रामपाल यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।