राठ कोतवाली के नौहाई गांव में रविवार तड़के छप्पर में आग लगने से सो रही
एक महिला और 4 बकरियों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम
कराया है।
बीती रात नौहाई गांव निवासी कोटेदार अजयपाल की पत्नी रामश्री
(55) आंगन में बने घास फूस के छप्पर के नीचे लेटी हुई थी। मच्छर भगाने के
लिए उसने पास में ही उपले जलाकर धुआं कर रखा था। वहीं चार बकरियां भी बंधी
थीं। रविवार तड़के करीब 4.30 बजे अचानक छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते
आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
छप्पर के नीचे सो रही रामश्री और उसकी 4
बकरियां भी आग की लपटों में घिर गई। ग्रामीणों ने जब घर के अंदर से आग की
लपटें उठते देखी तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में एकजुट होकर ग्रामीणों ने
आग पर पानी डालकर काबू पाया। लेकिन तब तक रामश्री और खूंटे में बंधी चारों
बकरियों की मौत हो चुकी थी।
आग ने पड़ोसी हरिपाल के मकान को भी अपनी चपेट
में लेने का प्रयास किया पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। पति अजयपाल
ने बताया कि वह छप्पर के पास वाले घर में सोया हुआ था। सूचना पर पहुंची
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।