गांव में घर के बाहर लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : amarujala
जलालपुर थानाक्षेत्र के बरखेरा गांव में युवक के साथ देख लिए जाने पर किशोरी ने सुबह शौच के बहाने गांव के बाहर जाकर केरोसिन डालकर आग लगा ली। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी के पिता की तहरीर पर युवक के विरुद्ध बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरखेरा गांव निवासी बरदानी प्रजापति भैयादूज पर अपनी पत्नी व छोटे पुत्र मनीष (4) के साथ अपनी ससुराल न्यूरिया मुस्करा गया था। घर पर उसकी बेटी रागिनी(16) व पुत्र अंजनी (10) तथा जितेंद्र (8) थे। बुधवार देर रात बरदानी का छोटा भाई भूपेंद्र दरवाजे पर चारपाई बिछाकर सो रहा था। रात्रि करीब एक बजे उसे घर के अंदर से बातचीत करने आवाजें सुनाई दी। वह बाहर से लगी कुंडी खोलकर अंदर पहुंचा तो कमरे में रागिनी व गांव का युवक रामनारायन प्रजापति बैठे बातचीत कर रहे थे। भूपेंद्र को अंदर आता देख रामनारायन दीवार फांदकर भाग गया। इसके बाद परिजनों ने रागिनी को डांटा फटकारा। युवक के साथ पकड़े जाने से आहत किशोरी सुबह शौच के लिए गांव के बाहर ज्वार के खेतों की तरफ गई और पानी की जगह लोटे में ले गई के रोसिन डालकर खुद को आग लगा ली।
ग्रामीणों ने उसे जलता देखकर आग बुझाई और बाद में उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए राठ ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष जलालपुर स्वामीनाथ ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। युवक के साथ देख लिए जाने से आहत युवती ने खुद को आग लगाकर जान दे दी है। युवती के पिता बरदानी की तहरीर पर आरोपी रामनारायन के खिलाफ बलात्कार व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।