मौदहा। युवती ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर युवक पर रेप का आरोप लगाया। उसने बताया कि पांच साल पहले कानपुर के बिठूर स्थित विधि महाविद्यालय में पढ़ाई के दौरान गोरखपुर निवासी युवक ने नशीला पदार्थ खिलाकर बलात्कार किया था। उसने एमएमएस बनाकर ब्लैकमेल कर शादी का झांसा दिया। इसी के बाद युवती व उसके परिजनों का उत्पीड़न करता रहा। एसपी के आदेश पर रेप की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि कानपुर के बिठूर स्थित विधि महाविद्यालय में वह विधि की पढ़ाई कर रही थी। वहां पर उसका सहपाठी जगदानंद मिश्रा निवासी बिलेजा कपूर, पोस्ट अलीनगर जनपद गोरखपुर था। वह कानपुर के परेड चौराहे के पास किराये पर रहता था। पीड़िता का आरोप है कि जगदानंद ने एक मार्च 2012 को पढ़ाई के नोट्स देने के बहाने उसे कानपुर के परेड चौराहा स्थित एक होटल में बुलाया था। जहां उसे चाय में नशीला पदार्थ खिला दिया। उसके बेहोश होने पर शारीरिक संबंध बनाए। होश में आने पर उसने विरोध किया तो कहा कि उसका एमएमएस बना लिया है। अगर ज्यादा विरोध किया तो इंटरनेट में डालकर बदनाम कर देगा। बताया कि वह पांच वर्ष कुछ नहीं बोली। आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया। बाद में पता चला कि जगदानंद की पत्नी व दो बच्चे हैं। इस पर उसने शादी से इंकार कर दिया। वह परिवार के खिलाफ फर्जी मुकदमे लिखा रहा है। पीड़िता ने खुद व परिवारवालों की हत्या की आशंका भी जताते हुए सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने रेप समेत अन्य धाराओं में आरोपी जगदानंद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि युवती के बयान व डॉक्टरी परीक्षण के बाद इस मामले की तफ्तीश के लिए मूलरूप से एफआईआर कानपुर के संबंधित थाने में भेजी जाएगी।