थाना मुस्करा के सिवनी से जुड़े गंगादास बाबा डेरा में खेतों के पास सुनसान इलाके में एक किशोर का शव पेड़ से लटकता मिला। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त जनपद जालौन से आई बरात के किशोर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।
जिला जालौन के थाना कुठौंद के पिपरी गांव निवासी सुघर सिंह का पुत्र रविकांत पाल (16) 26 अप्रैल को शिवनी गांव में अपनी बुआ के लड़के की बरात में आया था। जहां से रात में अचानक गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो बरात बहू को विदा कर चली गई। लड़की के पिता शिवपाल अपनी पुत्री लीला की विदा के बाद से लापता रविकांत के परिजनों संग खोज रहे थे। सोमवार को जब शव से दुर्गंध आनी शुरू हुई तो डेरा के लोगों ने बदबू आने की जगह पर जाकर देखा तो शीशम के पेड़ से एक किशोर का शव लटकता दिखा।
जिसे देखकर लोग चकित रह गए, इसकी सूचना मुस्करा पुलिस के साथ मृतक किशोर के परिजनों को दी। थाने के एसआई बाबूराम शुक्ला, एसआई कंबोद सिंह के साथ परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव की तलाशी में युवक की जेब में पड़े पर्स से पुलिस को एक लड़की की फोटो और कुछ रुपये मिले है। जिसे पुलिस ने अपने पास रख लिया है। एसआई बाबूराम शुक्ला ने बताया जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल युवती की फोटो मिलने से आशंका है कि किशोर का किसी से प्रेम प्रसंग हो सकता है। कहा शीघ्र ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।