कस्बा सुढ़ियामऊ में स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में लोगों कों पांच दिनों से कैश नहीं मिल रहा है। इससे नाराज लोगों ने सोमवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सभी को काफी मशक्कत के बाद समझा बुझाकर शांत करवाया। इस दौरान करीब दो घंटे तक मार्ग जाम होने से राहगीर परेशान रहे।
मामला थाना रामनगर क्षेत्र के कस्बा सुढ़ियामऊ का है। यहां कस्बे में स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैक में सोमवार को ग्रामीणों को पैसा न मिलने पर रोड जाम कर दिया गया। बैकं के खाता धारक मुकेश, लल्ला राम, मुनीम बाबा, जगदई, गीता देवी आदि लोगों ने बताया कि बैंक मैनेजर सतीश कुमार गौतम अपने चहेतों को मोटी रकम देते है जिससे हम गरीब लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं हम लोगों को निराश होकर खाली हाथ घर वापस आना पड़ता है। रामसागर, असलम, कुलदीप, महेश आदि लोगों ने बताया कि हमारे घरों में शादी है।
हम लोग एक हफ्ते से बैंक के चक्कर काट रहे हैं फिर भी रुपया नहीं मिला है। आयार्वत ग्रामीण बैंक से ग्रामीणों को पैसा न मिलने से करीब दो घंटे तक रामनगर मार्ग जाम रहा व मार्ग पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई जिससे राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा।
बैकं में दलालों के माध्यम से होते है कार्य
गामीणों का कहना है कि बैंक के अंदर दलालों के माध्यम से कार्य होते है। केसीसी बनवाने के लिए एक हजार रुपया खुलेआम लिया जाता है। पासबुक पर मोहर लगाने के लिए 50 रुपया लिया जाता है और अपने मन चहेते व्यापारियो को मोटी रकम दिया जाता है।
बैंक में कैश नहीं हैं, इसके बारे में लोगों को बताया तो ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा देखकर बैक कर्मचारियों ने गेट में अंदर से ताला लगाकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। उसके बाद खाता धारकों को चार चार हजार रुपये दिलाने की बात कहकर काम शुरू हो सका। -सतीश कुमार गौतम, बैंक मैनेजर