लोगों से पूछताछ करती कोतवाली पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के बाईपास स्थित नहर में बुधवार सुबह टायर व्यवसायी के पुत्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुत्र की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस का कहना है युवक शराब के नशे में धुत होकर नहर में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
कस्बे के मियांपुरा मोहल्ला निवासी गोविंदनारायन गुप्ता टायर व्यवसायी हैं। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र रोहित कुमार उर्फ टिंकू बुधवार सुबह करीब 5 बजे घर से बाहर गया था। साढे़ नौ बजे उन्हें नहर में एक युवक का शव पड़ा होेने की सूचना मिली। मौके पर पुत्र को मृत देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों ने पुत्र की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया है।
गोविंदनारायन ने बताया कि एक सप्ताह पहले जुगियाना मोहल्ले में पानी का फिल्टर प्लांट लगाए मनोज कुमार गुप्ता और उसके भाई एसके गुप्ता ने रुपये के लेनदेन में उसके पुत्र को प्लांट में बंद कर जमकर मारापीटा था। उसे कोतवाली में बंद करा दिया था। पुलिस ने उसके पुत्र को शांतिभंग में जेल भेज दिया था। मंगलवार रात उसके पुत्र टिंकू ने मारपीट की जानकारी दी थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदेव प्रसाद यादव ने बताया कि टिंकू शराब का लती था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।