मदीना कालोनी में बारात चढ़त के दौरान रविवार रात का मामला
आठ साल के मासूम फैज की मौके पर ही हो गई थी मौत
पुलिस ने दूसरे दिन शव कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम
मदीना कालोनी में बारात चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग में मृत मासूम बालक का शव पुलिस ने दूसरे दिन सोमवार को कब्जे में ले लिया। उसका पोस्टमार्टम भी कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने तड़के पड़ताल की तो दो और घायलों के नाम सामने आए। छर्रे लगने से घायल वीरू और नेहा शेख का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया।
नगर के मोहल्ला नझियाई की मदीना कालोनी में नाजमा पत्नी मरहूम मुन्ने की बेटी फरहा बी के निकाह से पहले बारात चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग में घायल सिरसौली की रेहाना पत़्नी हसैनन का पुलिस ने रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल कराया था। फायरिंग में दातागंज क्षेत्र के गांव हासिमपुर निवासी वीरू और क्षेत्र के गांव सिरसौली के मेहरूद्दीन की बेटी नेहा शेख भी घायल हुई थी। छर्रे लगने से घायल नेहा और वीरू को घरवाले रात में ही पुलिस को सूचना दिए बिना इलाज कराने के लिए बरेली ले गए थे। स्वास्थ्य लाभ के बाद दोनों को घरवाले अपने साथ ले आए हैं।
हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मृत छह साल के मासूम मोहम्मद फैज के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। गोली उसके चेहरे और गर्दन के पास लगी थी। कोतवाल गोपीचंद्र यादव ने बताया कि घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी बंदूक हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव लभारी निवासी इदरीश की है। इदरीश की बंदूक से लभारी के ही पप्पू उर्फ कल्लू ने फायरिंग की थी। पुलिस ने पप्पू का गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि घटना के बाद पप्पू ने बंदूक मौके पर ही फेंक दी थी जिसे बारातियों ने उठाकर पुलिस को सौंप दिया था। पप्पू की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने मेहरुद्दीन की ओर से पप्पू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। इदरीश के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट की धारा 30 की कार्रवाई की गई है।
गमगीन माहौल में पढ़वाया निकाह
उझानी। हर्ष फायरिंग के दौरान मासूम फैज की मौत और उसकी बहन नेहा समेत तीन लोगों के घायल होने के बाद रविवार रात अफरा-तफरी के माहौल का साया दुल्हन फरहा बी और दूल्हा अनवर के निकाह पर भी पड़ा। मृत बालक चूंकि दूल्हा के कुनबे का ही था, सो बारातियों के साथ घरातियों को भी गम रहा। दोनों का निकाह पढ़वाया गया। निकाह के बाद की रस्में भी महज औपचारिकता साबित हुईं। घटना के बाद बाराती तो रात में खिसक गए थे।