राठ। शुक्रवार की रात कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शराबियों ने घुसकर जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं जब अस्पताल के कर्मचारियों ने रोका तो स्टाफ के साथ मारपीट की। स्टाफ ने थाने में तहरीर दी है। कोतवाली पुलिस ने शराबियों को हिरासत में ले लिया।
शुक्रवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रात करीब साढे़ ग्यारह बजे डा.रविप्रताप, फ ार्मासिस्ट विवेक गुप्ता, गोविंद एवं चौकीदार अमर सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। तभी मझगवां थाने के गोहानी गांव निवासी भूपेंद्र राजपूत अपने दो अन्य साथियों के साथ नशे में धुत होकर अस्पताल पहुंचा और गालियां देते हुए हंगामा काटा। जब अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें मना किया तो तीनों फार्मासिस्ट और स्टाफ को पीटने लगे। इस दौरान वहां मौजूद चिकित्सक ने जब बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी हाथापाई करने लगे। उसी दौरान स्टाफ ने कोतवाली में घटना की सूचना दी। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले गई। चिकित्सक ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र एक्सीडेंट में घायल हो गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान बेकाबू हो गया और मारपीट कर दी।