विकासखंड सुमेरपुर के चंदौखी गांव में समाजवादी पेंशन योजना के तहत चयनित
सूची के साथ अन्य अपात्र लोगों के नाम फीड कर पेंशन राशि बैंक खातों में
डालकर योजना पर पलीता लगा दिया। इस मामले में आई शिकायतों पर हुई जांच में
44 व्यक्ति अपात्र निकले। इनमें 18 लोगों के खातों में पेंशन राशि भी
पहुंचा दी गई। इस मामले में जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने समाज कल्याण
अधिकारी को निर्देश दिए है कि संबंधित कंप्यूटर आपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी
दर्ज कराएं।
प्रदेश
सरकार की महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन योजना में भी घुन लग गया है।
फिलहाल जिले में 30 हजार 502 लाभार्थियों का इस योजना में चयन करते हुए सभी
के डाटा लॉक कर दिए गए है। जिसमें 8791 लाभार्थियों को 351.64 लाख रुपये
की धनराशि पीएफएमएस प्रणाली के जरिए उनके खातों में भेजी गई है।
जबकि 21
हजार 711 लाभार्थियों को अभी तक धनराशि नहीं भेजी जा सकी है। देखा जाए तो
योजना अभी पटरी पर ठीक से दौड़ भी नहीं पाई है। लेकिन शुरुआती दौर में ही
गड़बड़ी का शिकार होती नजर आ रही है। अके ले सुमेरपुर विकासखंड के चंदौखी
गांव में फीडिंग करने वाले प्राइवेट कंप्यूटर आपरेटर शिवम द्विवेदी ने
चयनित लाभार्थियों के साथ अपात्रों को लाभ दिलाने में जमकर धांधली की है।
इस मामले में जिलाधिकारी संध्या तिवारी द्वारा कराई गई जांच में यह
घपलेबाजी पकड़ी गई है। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा को पत्र
जारी किया है। कहा है कि चंदौखी गांव में चयनित लाभार्थियों के अतिरिक्त 44
व्यक्तियों के नाम फीड कर दिए गए है। जिसमें 18 लोगों के खातों में पैसा
भी पहुंचा दिया है।
उन्होंने निर्देशित किया चयनित सूची के अतिरिक्त नाम
फीड करने वाले कंप्यूटर आपरेटर शिवम् द्विवेदी निवासी चंदौखी के विरुद्ध
तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराते हुए गलत/अपात्र फीड किए गए व्यक्तियों के
खातों को लॉक करने की कार्रवाई करें। साथ ही जिन अपात्रों के खातों में
पैसा पहुंच गया है उनसे वसूली सुनिश्चित कराएं।
उधर जिला समाज कल्याण
अधिकारी ने कहा कि अभी एफआईआर की तहरीर तैयार करवा रही हैं, शनिवार कोे
मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।