मुस्करा। कस्बे के नवीन गल्ला मंडी के गेट नंबर दो के सामने रोडवेज बस व ट्रक की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद बस की टक्कर बोलेरो में लग गई। जिससे बोलेरो का पिछला टायर फट गया। दुर्घटना से बस में सवार सात यात्री घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। जहां उपचार के बाद घायलों को घर जाने दिया गया।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे राठ डिपो की बस राठ बस स्टैंड से सवारियां भरकर कानपुर के लिए जा रही थी। तभी कस्बे के मुख्य बाजार से लगे नवीन गल्ला मंडी गेट संख्या दो के सामने हमीरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस में सीधी टक्कर मार दी। जिससे बस अनियंत्रित होकर बगल से निकल रही बोलेरो से जा भिड़ी।
बोलेरो सवार अनिल यादव निवासी मसगांव व उसका साथी बाल-बाल बच गए। वहीं बस में सवार सात यात्री चुटहिल हो गए। बस व ट्रक की भिड़ंत देख ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें सीएचसी भिजवाया।
बस चालक मुन्नीलाल पुत्र रामलखन निवासी राठ, यात्री टिल्लू कुमार (38) पुत्र स्व धनीराम निवासी घाटमपुर, शशि (40) पत्नी विजय राठ, रोशन लोधा मऊ, नवाज मोहम्मद बिवार, माया पांडेय बिवांर है। सभी का उपचार के बाद उन्हें घर जाने दिया गया। दुर्घटना से राठ हमीरपुर मार्ग में जाम लग गया।
जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आधा घंटा बाद स्थानीय पुलिस के पहुंचने से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे खड़ा करवाने के बाद जाम खुल सका। बोलेरो मालिक अनिल यादव ने कहा कि वह बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
दुर्घटना के बाद बस अनियंत्रित होकर बोलेरो से भिड़ी
अमर उजाला ब्यूरो