बिवांर। छानी बुजुर्ग गांव में शुक्रवार रात मकान में घुसे चोरों की आहट पर गई वृद्धा को चोरों ने बंधक बनाकर घर में रखे करीब चार लाख के जेवर व 15 हजार रुपये की लूटपाट की। पीड़िता ने एक युवक को पहचान लिया और थाने में तहरीर दी है। छानीबुजुर्ग निवासी सुकरतिन ने दी तहरीर में बताया उनके पांच पुत्र व एक पुत्री हैं। जिनमें से तीन पुत्रों की शादी हो चुकी है। सभी बेटे व बहुएं दिल्ली में रहते हैं। महिला ने बताया वह अपने वृद्ध पति, पुत्री, एक पुत्र व नाती के साथ गांव में रहती है। कहा शुक्रवार रात छत पर सोई थीं।
रात करीब दो बजे बारिश होने पर नीचे आई तो कुछ आहट सुनाई दी। देखा तो कमरे का ताला टूटा पड़ा है। जैसे ही आगे बढ़ी तो दो युवकों ने उन्हें दबोच लिया। कहा युवक अंडरबियर व बनियान पहने थे। पीड़िता ने कहा एक गांव निवासी है, जिसे वह पहचान गई है। युवकों ने उनकी गर्दन दबाकर मुंह दबा लिया और बंधक बनाकर उनके सामने तीनों बहुओं के कमरों व अलमारियों के ताले तोड़ उनमें रखे करीब चार लाख रुपये के गहने व 15 हजार रुपये नगद ले गए। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया तहरीर मिली है। जांच पूरी होने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)