राठ। फूफा के साथ बाइक से ससुराल जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर जेवर व नगदी लूट ली। इस बीच वहां से गुजरे फेरी लगाने वाले युवक से भी बदमाशों ने लूटपाट कर तीन हजार रुपये छीन लिए। पीड़ित महिला ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
जनपद झांसी के थाना एरच के गांव बामोर निवासी शिल्पी ने बताया वह फूफा अमर सिंह के साथ अपनी ससुराल नथूपुरा बाइक से जा रही थीं। तभी मोतीकटरा से बाइक सवार तीन युवक उनका पीछा करते हुए आए और थाना मझगवां के कुछेछा गांव के पास उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। बताया फूफा के बाइक रोकते ही बदमाशों ने तमंचा दिखाकर सोने की झुमकी, कमरपेटी, मंगलसूत्र, दो अंगूठी, मनचली व पर्स से 1500 रुपये व मोबाइल लूट लिया।
उसी समय वहां से फेरी लगाकर गुजर रहे राठ कस्बे के सिकंदरपुरा निवासी चंद्रशेखर की भी बाइक बदमाशों ने रोक कर जेब में पड़े 3 हजार रुपये लूट लिए। बताया बदमाश बाइक का प्लग व चाबी भी ले गए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मझगवां एसओ मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा तहरीर मिलने पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों के तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।