सरीला सीएचसी में घायल छात्रा का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : HAMIRPUR
सरीला (हमीरपुर)। मोबाइल खो जाने पर डांट से आहत छात्रा ने चंडौत गांव के पास बने पुल से बेतवा नदी में छलांग लगा दी। नदी में नहा रहे लोगों ने उसे बाहर निकाल कर सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
जालौन के इमिलिया बुजुर्ग गांव निवासी सुरेंद्र की भांजी कुमकुम (16) इटौरा गांव के इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ती है। कुमकुम के माता-पिता नहीं हैं। सुरेंद्र ने बताया कि बुधवार शाम को उसकी भांजी कुमकुम ने मोबाइल खो दिया था। इस पर उसे डांट दिया था। इससे वह नाराज थी। गुरुवार को पढ़ने के लिए साइकिल से निकली कुमकुम ने हरशंकरी मार्ग पर साइकिल खड़ी कर दी। किसी के साथ बाइक से बेतवा नदी पुल पर पहुंच गई और पुल से नदी में छलांग लगा दी। नदी में नहा रहे लोगों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
मुस्करा थाना क्षेत्र के उपरंहका गांव का देवा (21) गुरुवार की दोपहर बाद ममना रोड पर निजी पेट्रोल पंप के पीछे एक पेड़ पर चढ़ गया और अपनी शर्ट उतार कर फंदा बनाने के बाद झूलने का प्रयास करने लगा। तभी पेट्रोल पंप के सेल्समैन नीरज की उस पर नजर पड़ गई। उसने सहकर्मियों को आवाज देकर बुलाने के बाद उसे पेड़ से नीचे उतारा और चौकी पुलिस को सूचना दी। देवा ने बताया की उसकी बहन की ननद ने उस पर गलत लांछन लगाया था। इसी से आहत होकर वह अपने गांव से जान देने के लिए निकला था। सीएचसी में इलाज के बाद उसकी हालत ठीक है। (संवाद)