राठ (हमीरपुर)। बुधवार दोपहर हल्की बारिश के बीच विभिन्न स्थानों पर बिजली गिरने से एक युवती सहित तीन लोगों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीलदार अभिनव चंद्रा ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।
बहगांव निवासी रामपाल (30) अकौना गांव निवासी साले मुन्नालाल (26) के साथ छोटे भाई बबलू की ससुराल महोबा के पचपहरा गांव जा रहा था। बुधवार दोपहर दो बजे अचानक बारिश होने लगी। दोनों लोग पथनौड़ी गांव के पास बाइक रोक कर बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी बिजली गिरने से मुन्नालाल की मौत हो गई। रामपाल झुलस गए। मृतक अविवाहित था। अपने बड़े भाई खज्जू के साथ मजदूरी करता था।
वहीं, बरूआ गांव निवासी काशीप्रसाद कुशवाहा (62) खेत में बकरियां चरा रहा था। तभी बिजली गिरने से मौत हो गई। उसके इकलौते पुत्र देवदत्त की डेढ़ साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वृद्ध की मौत से पत्नी रती, नातिन नेहा, साक्षी, व काजल का रो- रोकर बुरा हाल है। इसी तरह मसगांव निवासी अभिजीत सिंह (25) बुधवार दोपहर गहरौली गांव निवासी अपनी मित्र श्वेता (23) के साथ बाइक से मौदहा बांध घूमने गया था। लौटते वक्त सरसेड़ा गांव के पास बारिश होने पर दोनों पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी बिजली गिरने से श्वेता की मौत हो गई। अभिजीत झुलस गया। अभिजीत प्राथमिक विद्यालय बसवारी में शिक्षक हैं। श्वेता डीएलएड की छात्रा थी।
बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत और दो झुलसे हैं। मृतकों व घायलों की दैवीय आपदा के तहत मदद की जाएगी।
-पवन कुमार पाठक, एसडीएम
मृतक काशीप्रसाद की फाइल फोटो- फोटो : HAMIRPUR
मृतका श्वेता की फाइल फोटो- फोटो : HAMIRPUR