भरुआसुमेरपुर। तीन सौ रुपये के विवाद में एक महिला थाने के सामने हाईवे पर ट्रक के सामने कूद गई। ट्रक की गति धीमी होने से वह कुचलने से बच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर महिला को घर भेजा।
नई बस्ती निवासी अर्चना से फैक्टरी एरिया निवासी रिंकू को उधारी के तीन सौ रुपये लेने थे। सोमवार सुबह रिंकू उधारी मांगने अर्चना के घर पहुंचा और तगादा किया। अर्चना ने रुपये देने से मना कर दिया। इस पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। दोनों ने लड़ते-झगड़ते थाने पहुंचे। यहां भी विवाद होने लगा। इसी बीच अर्चना अचानक थाने से भागकर हाईवे से गुजर रहे ट्रक के सामने कूद गई। ट्रक की गति धीमी होने से वह बच गई। महिला सिपाहियों ने अर्चना को सड़क से हटाया और वापस पकड़ कर थाने लाई। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। महिला से तीन सौ रुपये रिंकू को दिलवाए और उसे समझा कर घर भेजा।