हमीरपुर। रमेड़ी निवासी महिला से सोने की चेन लूटने वाले दो लुटेरे हरदोई पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। लूट के बाद भागते समय सीसीटीवी में कैद फोटो से आरोपियों की पहचान पीड़ित महिला ने कर ली है। कोतवाली पुलिस इन बदमाशों को रिमांड पर लाने की तैयारी कर रही है।
पांच अप्रैल को रमेड़ी निवासी रामश्री अपने नाती के साथ डाकघर से घर जा रही थी। तभी सपा कार्यालय के पास बाइक सवार दो लुटेरे उसके गले से चेन खींचकर भाग निकले थे। पुलिस ने कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे। लुटेरों की भागते समय की फुटेज पुलिस के हाथ लगी थी। 20 दिन से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बदमाशों को हरदोई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज से निकाली तस्वीरों से की गई है। आरोपियों के खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज हैं। कानपुर के पनकी रतनपुर निवासी आरोपी दीपक कश्यप के खिलाफ लूट, जानलेवा हमला, चोरी, आर्म्स एक्ट व धोखाधड़ी सहित बिधनू, नजीराबाद, बर्रा, चकेरी, काकादेव, नवाबगंज थानों में 11 और प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। जूही थानाक्षेत्र के मिलेट्री कैंप निवासी आरोपी आदित्य वर्मा के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट, लूट, मारपीट, जानलेवा हमला, स्नेचिंग सहित कानपुर में तीन व लखनऊ के जानकीपुरम, गुडम्बा, विकास नगर, अलीगंज, मड़ियांव, गाजीपुर थाने में 12 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी कई बार जेल भी जा चुके हैं। सीओ सदर विवेक यादव ने बताया कि आरोपी 17 अप्रैल को हरदोई में महिलाओं से चेन छीनने में दबोचे गए थे। शहर में हुई लूट के बाद अवतार मेहेर बाबा, जेल व यमुना पर हाईवे में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज लिए थे। हरदोई में पकड़े गए लुटेरों के फोटो रामश्री को दिखाकर पहचान कराई गई है। अदालत से इनका रिमांड लिया जाएगा। रिमांड मिलते ही हरदोई से यहां लाया जाएगा।